मालदा, 25 फरवरी।
शहर में युवाओं के लिए चल रहे रजिस्ट्रेशन कैंप के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित ‘युवा साथी’ रजिस्ट्रेशन कैंप में बेरोजगार युवाओं के साथ-साथ भूमिहीन खेत मजदूर आर्थिक सहायता योजना के लिए भी बड़ी संख्या में लोग आवेदन करते नजर आए।
राज्य सरकार की इस योजना के तहत भूमिहीन खेत मजदूरों को सालाना चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी है। हालांकि, शहरी क्षेत्र में जहां कृषि भूमि लगभग नहीं है, वहां खेत मजदूरों की संख्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रवींद्र एवेन्यू स्थित पेडी सिल्क प्रशिक्षण केंद्र को शहर के 29 वार्डों के सरकारी योजनाओं के रजिस्ट्रेशन केंद्र के रूप में चुना गया है। यहां ‘युवा साथी’ योजना के तहत 40 वर्ष तक के बेरोजगार युवक-युवतियां 1500 रुपये मासिक सहायता के लिए आवेदन जमा कर रहे हैं।
स्थानीय नेताओं ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गांव में जाकर खेत मजदूरी करता है तो वह आवेदन कर सकता है। सरकार द्वारा पात्रता की जांच के बाद ही आर्थिक सहायता दी जाएगी। मामले को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है।



