कोलकाता 25 फरवरी 2026।
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी राज्य में अपनी शक्ति दिखाने के लिए एक मार्च से परिवर्तन यात्रा शुरू करने जा रही है। पार्टी इस बार केंद्रीय नेतृत्व की बड़ी भागीदारी के जरिए चुनावी माहौल बनाने की रणनीति अपना रही है। अगले 48 घंटे में कम से कम आठ केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेता राज्य में पहुंचेंगे। यात्रा राज्य के दस में से नौ संगठनात्मक क्षेत्रों में निकाली जाएगी, जबकि कोलकाता महानगर क्षेत्र को इससे अलग रखा गया है और समापन पर ब्रिगेड मैदान में विशाल जनसभा होगी।
एक मार्च को यात्रा की शुरुआत कूचबिहार, कृष्णानगर, कुल्टी, गड़बेता और रायदीघी से होगी, जबकि दो मार्च को इस्लामपुर, हसन, संदेशखाली और आमता से यात्रा निकाली जाएगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायदीघी से यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे, वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा कृष्णानगर से उद्घाटन करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो मार्च को आमता से यात्रा शुरू करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर बंगाल में रहकर कूचबिहार और इस्लामपुर से यात्रा का उद्घाटन करेंगे।
महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी कुल्टी से, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हसन से और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान संदेशखाली से यात्रा शुरू करेंगे। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने रायदीघी में आरोपपत्र कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए क्षेत्रीय समस्याओं का दस्तावेज जारी किया। पार्टी नेताओं का कहना है कि 2026 चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर इस यात्रा को शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया जा रहा है।



