नोएडा, 25 फरवरी 2026
मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो अन्य साथियों को कांबिंग ऑपरेशन के दौरान पकड़ा गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दिनदहाड़े हुई कारोबारी नितिन नागर की हत्या में शामिल बदमाश ग्राम पुआरी के पास से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की गोली मोनू नामक बदमाश के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने मोनू, राजेश और नितिन को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जांच में पता चला है कि वर्ष 2024 में 17 अगस्त को लुक्सर गांव के ठेकेदार विनय सिंह की हत्या हुई थी, जिसमें नितिन नागर पर साजिश का आरोप लगा था। उस समय नितिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर विनय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। नितिन नागर हाल ही में रक्षाबंधन पर जमानत पर जेल से बाहर आया था। परिजनों के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और उस पर पहले भी हमले की कोशिश हुई थी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना में मंगलवार दोपहर नितिन नागर को गांव में घेरकर गोली मारी गई और बाद में उसकी छाती पर बैठकर गला रेत दिया गया। घटना के दौरान जब उसकी पत्नी और बच्चे उसे बचाने पहुंचे तो बदमाशों ने पिस्तौल लहराकर धमकाया। गंभीर रूप से घायल नितिन को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। नितिन पानी का आरओ प्लांट और ई-रिक्शा एजेंसी चलाता था। इस मामले में कई आरोपी अभी फरार हैं। एक आरोपी ने खुद को बचाने के लिए खुद पर धारदार हथियार से हमला कर लिया, जिसका अस्पताल में ऑपरेशन हुआ है। पुलिस उस पर भी नजर रखे हुए है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।



