प्रतापगढ़, 02 मार्च 2026
प्रतापगढ़ जिले के हथिगवा थाना क्षेत्र में रविवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा इलाके में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हथिगवां थाना प्रभारी और पुलिस टीम भैरव बाबा समसपुर हाईवे के पास हुई लूट की घटना के आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल एक अभियुक्त कल्याणपुर दुअर नदी पुल के पास मौजूद है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी अब्दुल रहमान पुत्र तबरेज आलम निवासी परेवा नारायणपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस, मोबाइल और मोटर साइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने बताया कि उसने अपने साथियों अलहसन पुत्र अजमल हुसैन और इब्राहिम पुत्र रहमत उल्ला निवासी परेवा नारायणपुर के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने अलहसन को उसके घर से गिरफ्तार किया। वहीं इब्राहिम की तलाश के दौरान बरोंधा अंडरपास के पास पहुंचने पर आरोपित इब्राहिम ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें इब्राहिम के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस के साथ दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



