कोलकाता, 28 फरवरी।
हावड़ा के पिलखाना इलाके में प्रॉपर्टी कारोबारी मोहम्मद शफीक खान की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस रिमांड पर लिए गए एक आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट सूत्रों के अनुसार, बउबाजार थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद वकिल उर्फ मुन्ना के घर की पानी की टंकी से दो आग्नेयास्त्र और दो मैगजीन जब्त की गई हैं। यह बरामदगी शुक्रवार देर रात विशेष अभियान चलाकर की गई।
हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी बयान में बताया गया कि पूछताछ के दौरान आरोपित वकिल ने खुलासा किया कि मुख्य आरोपित हारून खान और रफाकत ने 25 फरवरी की सुबह वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार उसके पास रखवाए थे। बाद में इन्हें छिपाने के उद्देश्य से पानी की टंकी में डाल दिया गया।
इससे पहले गोलाबाड़ी थाना पुलिस ने मोहम्मद बिलाल उर्फ रिंकू, मोहम्मद वकिल उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि इन्होंने गोली चलाने वाले मुख्य आरोपितों को फरार होने में मदद की। हत्या के बाद मुख्य आरोपित जोरासांको इलाके में बिलाल के ठिकाने पर छिपे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों और मुख्य आरोपितों के बीच लगातार संपर्क के साक्ष्य मिले हैं। बरामद हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि इन्हीं का इस्तेमाल हत्या में किया गया था।
मुख्य आरोपित हारून खान और रफाकत की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।



