यमुनानगर, 02 मार्च 2026
यमुनानगर के बुडिया थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद चाचा-भतीजे पर कुछ युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी सहित अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में तरसेम ने बताया कि वह रविवार देर शाम अपने परिचित अभिषेक, मनी और अमन के साथ एक रेहड़ी के पास नाश्ता कर रहा था। इसके बाद सभी लोग बड़े मदरसे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उसका चाचा महेंद्र ई-रिक्शा लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि तभी बाजार की ओर से आए 5-6 युवकों ने उन्हें घेर लिया और अचानक एक युवक ने महेंद्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर तरसेम के कंधे पर भी चोट लग गई।
अन्य युवकों ने भी दोनों के साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि हमले में इस्तेमाल किया गया कटर घटनास्थल पर गिर गया, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका मेडिकल परीक्षण किया। मेडिकल रिपोर्ट में दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। जांच अधिकारी के अनुसार नामजद आरोपी और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


