सीतापुर, 09 फ़रवरी।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र में जन्मदिन समारोह से लौट रहे युवकों पर बीती रात रविवार को राह में धारदार हथियार, तमंचे की बट और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दो नामजद सहित चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली बिसवां क्षेत्र के मोहल्ला झज्झर निवासी विनीत कुमार मिश्रा, ललित दीक्षित और गौरव अग्निहोत्री बीती रात लगभग 11:15 बजे थाना सदरपुर के ग्राम धामी सरायं से जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। रास्ते में देवियापुर में सामान लेने के लिए वे एक दुकान पर रुके, तभी रिंकू रावत ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर रिंकू ने अपने साथी सुरेंद्र रावत और चार अन्य युवकों को बुलाया। आरोप है कि सभी ने मिलकर युवकों पर हमला कर दिया। इस दौरान रिंकू रावत ने विनीत कुमार मिश्रा के सिर पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव में ललित दीक्षित के सिर पर तमंचे की बट से वार किया गया। हमलावरों ने विनीत की जेब से करीब 12,500 रुपये लूटे और घटना का वीडियो बना रहे युवक का मोबाइल तोड़ दिया। जब गौरव अग्निहोत्री ने गाड़ी स्टार्ट कर जान बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने लाठी-डंडे से गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। गाड़ी आगे बढ़ने के बाद भी आरोपियों ने पीछे से फायरिंग की। पीड़ित किसी तरह देवियापुर चौकी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सदरपुर थाना प्रभारी मुकेश वर्मा ने बताया कि फायरिंग की बात निराधार है। बातचीत में मारपीट की घटना होने की पुष्टि हुई है। रिंकू रावत पुत्र प्रेमचंद, सुरेंद्र रावत और चार अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस मारपीट की घटना में एक हिन्दू संगठन से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।



