खंडवा, 27 फरवरी।
मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत खंडवा जिले के वृद्धजन आज अयोध्या तीर्थ यात्रा पर निकलेंगे। इसके लिए विशेष ट्रेन खंडवा स्टेशन से दोपहर 3:50 बजे रवाना होगी और 2 मार्च को वापस लौटेगी।
डिप्टी कलेक्टर दिनेश सावले ने बताया कि यात्रा में शामिल वृद्धजन टिकट वितरण के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रेल्वे स्टेशन के सामने स्थित पार्वतीबाई धर्मशाला में उपस्थित होंगे। उन्होंने अपील की है कि सभी यात्री अपना आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र (या दोनों की मूल प्रति) लेकर समय पर धर्मशाला पहुंचें।
उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना का उद्देश्य वृद्धजनों को धार्मिक और आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है। यह योजना न केवल उनकी आस्था को मजबूत करेगी, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव भी बढ़ाएगी। विशेष ट्रेन सेवा के माध्यम से यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया गया है।



