उज्जैन, 28 फरवरी 2026।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार तड़के उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। उन्होंने करीब दो घंटे तक नंदी हाल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप किया और प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ निर्धारित समय पर सुबह लगभग चार बजे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महाकाल के ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर भस्म आरती की दिव्य व्यवस्था को श्रद्धा से देखा। इसके बाद उन्होंने देश की तरक्की, शांति और समृद्धि की कामना भगवान महाकाल से की। आरती के पश्चात उन्होंने देहरी से दर्शन कर बाबा महाकाल को जल भी अर्पित किया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उनका स्वागत और सम्मान किया। उन्हें प्रसाद और स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।

दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से चर्चा में पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। धार्मिक स्थलों पर बेहतर प्रबंधन और विकास कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने मंदिर व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां आने पर मन को अद्भुत शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि महाकाल के दरबार में आने से अहंकार, ईर्ष्या और प्रतिशोध जैसी भावनाओं का त्याग करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने देश की प्रगति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की है ताकि सभी लोग स्वस्थ और खुशहाल रहें।



