वाराणसी, 26 फरवरी।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत हाजिरी लगाई। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में पावन ज्योर्तिलिंग का अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। दर्शन पूजन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने देश में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
दर्शन पूजन के बाद मंदिर परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने सभी नागरिकों से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया। आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव सभी पर कृपा और आशीर्वाद बनाए रखें।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, जिसमें सभी को गिले-शिकवे भूलकर प्रेम और भाईचारे से मिलकर उत्सव मनाना चाहिए। उन्होंने काशी के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र है और देश को विकसित बनाने के लिए सभी को अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि भगवान शिव की पावन नगरी काशी में श्री बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन से मन अलौकिक ऊर्जा से भर गया। देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे और जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि बनी रहे।



