नई दिल्ली, 10 मार्च।
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में मामूली कहासुनी के दौरान दो नाबालिगों ने 18 वर्षीय युवक और उसके दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में शामिल दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त अकांक्षा यादव ने बताया कि 5 मार्च की शाम लगभग पांच बजे शिकायतकर्ता आकाश तोमर अपने दोस्तों के साथ जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-4 के पास बस स्टॉप पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान गलती से उसका हाथ वहां खड़े एक लड़के से टकरा गया और कहासुनी शुरू हो गई। विवाद के दौरान आकाश के दोस्त अर्शिल ने उस लड़के को थप्पड़ मारा और उसका बैग पकड़ लिया। इसके बाद उस लड़के और उसके साथियों ने आकाश और अर्शिल पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में आकाश को 2-3 और अर्शिल को 4-5 चोटें आईं।
मुखर्जी नगर थाने में एफआईआर संख्या 82/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर राजीव शाह के नेतृत्व में टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय सूत्रों और तकनीकी इनपुट के आधार पर पहले एक किशोर को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर भलस्वा इलाके में उसके मामा के घर के पास खाली मैदान में दबाकर रखा चाकू बरामद किया गया।
इसके बाद दूसरा किशोर भी गिरफ्तार किया गया, जो लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था। उसके घर से भी वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों किशोरों ने बताया कि वे अर्शिल और उसके दोस्तों द्वारा लंबे समय से की जा रही बुलिंग से नाराज थे और इसी रंजिश के चलते उन्होंने अर्शिल को सबक सिखाने के लिए ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से चाकू मंगवाकर हमला किया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़कर उनके कब्जे से दो चाकू बरामद कर लिए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।



