सिरसा, 21 फरवरी 2026
सिरसा में पुलिस ने अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप गाड़ी से लाखों रुपये की शराब जब्त की और दो युवकों को गिरफ्तार किया। शहर थाना प्रभारी के अनुसार खाजाखेड़ा रोड स्थित शराब ठेके के पास अवैध तरीके से शराब उतारे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी की। मौके से करीब साढ़े पांच लाख रुपये कीमत की 39 पेटी अंग्रेजी शराब और 100 पेटी बीयर बरामद की गई।
पुलिस ने पिकअप सवार युवकों से शराब और वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी संदेश कुमार और फतेहाबाद निवासी रामनिवास के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी अवैध रूप से शराब की ढुलाई कर रहे थे। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी कार्रवाई में सीआईए सिरसा पुलिस ने गांव दौलतपुर खेड़ा क्षेत्र से कार सवार तीन युवकों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। सीआईए प्रभारी के अनुसार रेलवे फाटक के पास पुलिस टीम तैनात थी, तभी एक कार संदिग्ध तरीके से आते देख वापस मुड़ने लगी। शक होने पर पुलिस ने कार की जांच की तो युवकों के पास से हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी सुखविंद्र सिंह, तरसेम सिंह और हरदीप सिंह के रूप में हुई है।



