फतेहाबाद, 18 फरवरी।
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव अलीका में राजकीय विद्यालय के पांच अध्यापकों के तबादले के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करते हुए स्कूल के अनुभवी शिक्षकों का तबादला कर दिया, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस संबंध में स्कूल प्रबंधक कमेटी और शहीद भगत सिंह नौजवान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मुलाकात कर तबादले रद्द करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्कूल प्रबंधक कमेटी के उपप्रधान बिट्टू ने कहा कि यदि सोमवार तक तबादले रद्द नहीं किए गए तो स्कूल गेट पर ताला लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। वहीं सभा के प्रधान अवतार सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



