28 फ़रवरी, लखनऊ।
होली पर्व के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने अवैध और जहरीली शराब के उत्पादन एवं बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था और आबकारी व्यवस्था की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने कहा कि होली जैसे त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी जिले में अवैध शराब का निर्माण या बिक्री नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से प्रवर्तन कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध शराब के सेवन से होने वाली दुर्घटनाओं को हर हाल में रोका जाए।
उन्होंने शराब की दुकानों, ढाबों और संदिग्ध स्थानों पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष चौकसी बरतने और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गई। भांग की अधिकृत दुकानों पर गांजा बिक्री रोकने के भी सख्त निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने और अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।



