लखनऊ, 27 फरवरी।
लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को राज्य स्तरीय बाल उत्सव आयोजित किया जाएगा। समग्र शिक्षा के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से चयनित बालिकाएं हिस्सा लेंगी। प्रतिभागी 7 मार्च को राजधानी पहुंचेंगी, जबकि मुख्य आयोजन 8 मार्च को होगा।
‘सशक्त बालिका-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ की भावना के साथ आयोजित यह उत्सव बेटियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं तथा बौद्धिक और नवाचार आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय मंच पर सम्मानित भी किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि यह आयोजन बेटियों को पहचान और अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने बताया कि उत्सव से बालिकाओं को अपनी रचनात्मक और बौद्धिक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को निखारने का माध्यम बनेगा, बल्कि टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देगा।



