लखनऊ, 09 मार्च।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश भर से आए लोगों से सीधे मुलाकात की। उन्होंने उपस्थित नागरिकों के प्रार्थना पत्र प्राप्त कर उन्हें आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जनपदों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान तय समय सीमा के भीतर किया जाए।
जनता दर्शन में दो उद्यमियों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। योगी आदित्यनाथ ने प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों, विशेषकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPIDA) और जिला प्रशासन को तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर इकोसिस्टम तैयार किया गया है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
कासगंज से आए एक पीड़ित ने पुलिस से जुड़ी शिकायत रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक को समयबद्ध निराकरण का आदेश दिया। इसके अलावा पारिवारिक विवाद और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई की बात कही।
जनता दर्शन में आए बच्चों से मुख्यमंत्री योगी ने बात की और उन्हें चॉकलेट भी दी। बच्चों से शिक्षा और पढ़ाई के विषय में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि किताबें पढ़ो और सोशल मीडिया का प्रयोग केवल आवश्यकता अनुसार करें। मोबाइल और इंटरनेट का अत्यधिक उपयोग हानिकारक हो सकता है।



