प्रयागराज, 07 मार्च।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार अनुसूचित जाति के लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं लागू कर रही है। इसी कड़ी में पशुपालन विभाग द्वारा सूकर पालन (पिगरी) को बढ़ावा देने के लिए अनुदान योजना चलाई जा रही है।
यह जानकारी शनिवार को प्रयागराज के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शिवनाथ यादव ने दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति के लोग सूकर पालन शुरू कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
योजना के अंतर्गत कुल परियोजना लागत 1,47,400 रुपये निर्धारित की गई है। इसमें सरकार की ओर से 1,32,660 रुपये का अनुदान दिया जाएगा, जबकि लाभार्थी को केवल 14,740 रुपये का अंशदान करना होगा।
उन्होंने बताया कि पशुपालन निदेशालय द्वारा संचालित इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
इच्छुक लाभार्थी अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय या संबंधित विभागीय कार्यालय में संपर्क कर योजना की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आवेदन कर इसका लाभ उठा सकते हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पात्र लोगों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर सूकर पालन को अपनाएं और अपनी आय बढ़ाने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनें।



