प्रयागराज, 11 फ़रवरी।
प्रयागराज जिले के बारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ललई नहर की पटरी पर मंगलवार देर रात एक चार पहिया वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इस संबंध में बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मृतक की पहचान श्रीतारा गांव निवासी प्रमोद कुमार (25) पुत्र शिवशंकर के रूप में हुई है। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक के भाई सूरज के अनुसार, प्रमोद कुमार अपने गांव के अखिलेश और पंचराज के साथ मंगलवार रात एक जन्मदिन समारोह में मोटरसाइकिल से गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय यह दुर्घटना हुई।
डीसीपी ने बताया कि हादसे में घायल अखिलेश और पंचराज का अस्पताल में उपचार चल रहा है।



