लखनऊ, 21 फरवरी 2026
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान बैंक मैनेजर की पत्नी से चेन स्नेचिंग करने वाले एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि 17 फरवरी की रात पीजीआई थाना क्षेत्र में रीता झा नाम की महिला से चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। शुक्रवार रात बरौली पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, तभी बिना नंबर प्लेट की गाड़ी से गुजर रहे युवक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुलतानपुर जिले के बघराजपुर निवासी विवेक कुमार यादव उर्फ शेरू यादव के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ लखनऊ और सुलतानपुर जिलों के विभिन्न थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को पीजीआई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराकर मामले की जांच की जा रही है।



