लखनऊ, 16 फरवरी।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद में भाजपा एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने मॉडीफाइड साइलेंसर के बढ़ते प्रयोग को गंभीर समस्या बताते हुए सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
पाठक ने कहा कि मॉडीफाइड साइलेंसर सिर्फ ध्वनि प्रदूषण ही नहीं बढ़ाते, बल्कि सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइकर्स तेज आवाज वाली बाइकों से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने ध्वनि मानक 80 डेसिबल से अधिक होने पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। 28 जुलाई 2021 को परिवहन आयुक्त ने सभी अधिकारियों को ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन करने के आदेश दिए थे, लेकिन ढीलापन बढ़ने से मॉडीफाइड साइलेंसर वाली बाइकों की संख्या बढ़ गई है।
पाठक ने सुझाव दिया कि जहां से ये साइलेंसर मॉडीफाइड किए जाते हैं, वहां भी कड़ाई की जरूरत है ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो और आम जनता सुरक्षित रह सके।



