कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के तहत नौ गेस्ट हाउस और मैरिज लॉन संचालकों सहित कुल 12 लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य परीक्षार्थियों को शांत वातावरण उपलब्ध कराना है।
संयुक्त पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा ने बताया कि वर्तमान में यूपी बोर्ड, दिल्ली बोर्ड और अन्य बोर्डों की परीक्षाएं चल रही हैं। छात्रों की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस ने पहले ही धारा 163 बीएनएसएस लागू कर रात 10 बजे के बाद डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर रोक लगाई है। इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था। पहले संचालकों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन बार-बार उल्लंघन होने पर सख्त कार्रवाई की गई।
सबसे गंभीर मामला बिठूर थाना क्षेत्र के मैनावती मार्ग स्थित परेरा ग्रीन लॉन में सामने आया, जहां रात करीब एक बजे तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस पहुंची और ध्वनि स्तर अधिक पाए जाने पर कार्रवाई की गई। इसी क्षेत्र के इबिजा गार्डन और ध्रुव पार्टी लॉन के संचालकों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए।
इसी तरह चकेरी क्षेत्र में ड्रीम पार्टी लॉन, केआर शादीटोरियम, परिणय गेस्ट हाउस, रामवाटिका मैरिज लॉन और नारायण लॉन के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके अलावा रावतपुर, गुजैनी, सचेंडी और काकादेव क्षेत्रों में भी संबंधित गेस्ट हाउस और डीजे संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि परीक्षा समाप्त होने तक यह अभियान जारी रहेगा।



