जौनपुर, 24 फरवरी।
जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोटरिया मार्ग पर मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि पोटरिया मार्ग पर एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच की तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की पहचान लपरी गांव निवासी 35 वर्षीय राधेश्याम बिंद के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही न्यायालयिक विज्ञान टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल के परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



