नोएडा, 23 फरवरी 2026।
नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर 43 में एक निर्माणाधीन सोसाइटी में काम करते समय 28 वर्षीय महिला श्रमिक 18वीं मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार सुखी सोरेन नाम की महिला अपने पति रंजीत के साथ सेक्टर 43 स्थित निर्माणाधीन सोसाइटी में काम कर रही थी। काम के दौरान वह अचानक 18वीं मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे नोएडा के भारद्वाज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने कहा है कि अगर मृतका के परिजन इस मामले में कोई शिकायत दर्ज कराते हैं तो उस आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



