मीरजापुर, 27 फरवरी।
मीरजापुर के ड्रमंडगंज क्षेत्र स्थित बबुरा रघुनाथ सिंह गांव में एक बैल 30 फीट गहरे पुराने कुएं में गिर गया। सूचना मिलने पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक घंटे की मेहनत के बाद पशु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया गया कि बबुरा कलां संपर्क मार्ग के किनारे स्थित जर्जर और जगतविहीन कुएं के पास चरते समय बैल अचानक उसमें गिर पड़ा। कुएं में करीब चार फीट पानी होने के कारण वह डूबने से बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने स्थिति का आकलन कर अग्निशमन विभाग को बुलाया।
सुबह करीब 11 बजे पहुंची रेस्क्यू टीम ने रस्सियों की सहायता से बैल को बांधा और ट्रैक्टर के जरिए बाहर निकाल लिया। सफल बचाव अभियान के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और टीम का आभार व्यक्त किया।



