मीरजापुर, 27 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद के ड्रमंडगंज में शुक्रवार को रंगभरी एकादशी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। प्रभातफेरी के दौरान अबीर-गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालुओं ने होली के आगमन का स्वागत किया।
सुबह श्रीरामलीला मैदान स्थित शिव-पार्वती मंदिर से विधि-विधान के साथ पूजन-आरती कर प्रभातफेरी निकाली गई। इसमें राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनीं।
भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच भक्त एक-दूसरे को रंग लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। रास्ते में पड़ने वाले मंदिरों में रुककर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। सेवटी नदी तट स्थित मां दुर्गा मंदिर और रामलीला मैदान परिसर में श्रद्धालुओं ने नृत्य-कीर्तन कर उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में बाजारवासी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।



