उत्तर प्रदेश
28 Feb, 2026

काशी के मणिकर्णिका घाट पर धधकती चिताओं के बीच खेली गई भस्म की होली

वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर रंगभरी एकादशी के बाद पारंपरिक चिता भस्म की होली श्रद्धा और उत्साह के साथ खेली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु और पर्यटक शामिल हुए।

वाराणसी, 28 फरवरी 2026।

धर्मनगरी काशी के मणिकर्णिका घाट पर रंगभरी एकादशी के बाद पारंपरिक चिता-भस्म की होली का अनोखा आयोजन श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। मोक्षतीर्थ मणिकर्णिका घाट पर धधकती चिताओं के मध्य हजारों श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष और डमरुओं की गूंज के बीच बाबा महाश्मशाननाथ के विग्रह पर चिता भस्म, अबीर और गुलाल अर्पित कर अपनी आस्था प्रकट की।

घाट पर ‘खेलें मसाने में होरी दिगंबर’ गीत की धुन पर युवाओं ने जलती चिताओं के बीच सामूहिक नृत्य कर इस धार्मिक परंपरा में भाग लिया। काशी में मृत्यु को भी उत्सव के रूप में स्वीकार करने की परंपरा का यह अद्भुत दृश्य महाश्मशान घाट पर देखने को मिला। आयोजन में औघड़, अघोरी, साधु-संत, शिवभक्त, स्थानीय नागरिक तथा देशी-विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, हालांकि नव निर्माण कार्यों के कारण श्रद्धालुओं के लिए स्थान सीमित रहा।

इस दौरान एक ओर अंतिम संस्कार के लिए शवों की कतार लगी रही, वहीं दूसरी ओर युवाओं का हुजूम ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ उत्सव में शामिल होता रहा। मान्यता के अनुसार बाबा विश्वनाथ के गौना उत्सव में उनके गण—भूत-प्रेत, डाकिनी-शाकिनी और अघोरी—ससुराल पक्ष के आग्रह पर सम्मिलित नहीं हो पाते, इसलिए महादेव अगले दिन मणिकर्णिका घाट पर अपने गणों के साथ चिता-भस्म की होली खेलते हैं। इसी पौराणिक परंपरा के निर्वहन में यह आयोजन रंगभरी एकादशी के अगले दिन किया जाता है।

चिताभस्म की होली से पहले मणिकर्णिका घाट स्थित बाबा महामशानेश्वर महादेव मंदिर में व्यवस्थापक गुलशन कपूर और चैनू प्रसाद की देखरेख में मध्याह्न आरती संपन्न हुई। आरती के बाद आयोजन समिति और युवाओं की टोली डमरू तथा नगाड़ों की थाप पर जयकारे लगाते हुए चिता-भस्म की होली में सम्मिलित हुई।

राग और विराग के इस अद्वितीय संगम को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक घाट पर मौजूद रहे और इस दृश्य को कैमरों में कैद करते रहे। शिव आराधना समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि काशी में मंदिर, देवस्थान और महाश्मशान का महत्व समान माना जाता है। यहां महादेव तारक मंत्र से जीवों को मोक्ष प्रदान करते हैं और उसी भाव से भस्म की होली खेली जाती है। यह आयोजन काशी की आस्था, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़

तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में तैनात किए छह एफ-16 विमान

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बीच तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली तैनात कर इलाके की सुरक्षा मज़बूत की है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने जन्म दिए पांच शावक

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की संख्या 53 कर दी।

पश्चिम एशिया संकट से रुपये का दबाव, 92.35 पर पहुंची मुद्रा

पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की तेजी के कारण रुपये डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर पहुंच गया।

कर्तव्य पथ पर ‘शी लीड्स भारत’ शक्ति वॉक, 3000 महिलाएं लेंगी भाग

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन होगा।

19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी रामलला के दर्शन, राम मंदिर निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को राम मंदिर में दर्शन करेंगी और मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष योजना बनाई गई है।