सारण, 14 फ़रवरी।
महाशिवरात्रि के पूर्व बाबा भोलेनाथ के विवाहोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के मनोकामनाथ मंदिर में चल रहे विशेष उत्सव के क्रम में, बाबा के तिलक उत्सव के पश्चात बीती रात पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कथा मटकोर का आयोजन श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ किया गया।
मनोकामनाथ मंदिर समिति के संरक्षक एवं पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर अरुण सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सनातन परंपरा में विवाह से पूर्व मटकोर की रस्म का विशेष महत्व है।
इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए मंदिर परिसर में कथा मटकोर का आयोजन हुआ। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें शहर के हर वर्ग और समाज के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विशेष रूप से महिलाओं ने इस रस्म में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।



