नई दिल्ली, 09 मार्च।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच भारतीय विमानन कंपनियां यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन क्षमता को ध्यान में रखते हुए आज लगभग 50 उड़ानें संचालित करेंगी। एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा की ये उड़ानें ईरान और इजराइल सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख हवाई अड्डों से संचालित होंगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि दुबई, मस्कट, अबू धाबी, फुजैरा और जेद्दा जैसे शहरों से उड़ानों का संचालन जारी है। एयर इंडिया 10 से 18 मार्च के बीच 9 रूट्स पर 78 अतिरिक्त उड़ानें भी जोड़ेगी, ताकि इस क्षेत्र में कैपेसिटी बढ़ाई जा सके। वर्तमान परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइंस परिचालन में आवश्यक बदलाव कर रही हैं।
मंत्रालय ने बताया कि 7 मार्च को भारत की विमानन कंपनियों की कुल 51 उड़ानें इस क्षेत्र से भारत पहुंचीं, जिनमें 8,175 यात्री सवार थे। 8 मार्च को भी एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा ने दुबई, अबू धाबी, रस अल खैमाह, फुजैरा, मस्कट और जेद्दा से 49 आगमन उड़ानों का संचालन किया।
भारतीय एयरलाइंस क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों पर जमीनी स्थिति का लगातार आकलन कर रही हैं, ताकि आवश्यकतानुसार अधिक उड़ानें संचालित की जा सकें। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस और अन्य हितधारकों के साथ समन्वय बनाए रखा है। टिकटों की कीमतों को उचित स्तर पर बनाए रखने और यात्रियों को समय-समय पर उड़ान समय-सारणी संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्रालय स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए रखेगा और जरूरत पड़ने पर आगे की जानकारी उपलब्ध कराएगा।



