नई दिल्ली, 03 मार्च 2026।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर हवाई यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। एयरस्पेस बंद होने के कारण लगातार चौथे दिन उड़ान संचालन प्रभावित रहा। राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर मंगलवार को कुल 80 उड़ानें प्रभावित हुईं, जिनमें 36 प्रस्थान और 44 आगमन की उड़ानें रद्द की गईं।
इजराइल और ईरान के बीच जारी टकराव के चलते कई खाड़ी देशों ने अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध या आंशिक रोक लगा दी है। सुरक्षा कारणों से अनेक अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने अपने उड़ान मार्ग बदल दिए हैं, जबकि कुछ कंपनियों ने एहतियात के तौर पर उड़ानें रद्द कर दी हैं। इसका सीधा प्रभाव नई दिल्ली से खाड़ी देशों और यूरोप के लिए संचालित होने वाली उड़ानों पर पड़ा है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार बीते दो दिनों में भारतीय एयरलाइनों ने बढ़ते तनाव के मद्देनजर कुल 760 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं। खाड़ी क्षेत्र में एयरस्पेस बंद होने के कारण पश्चिम दिशा की उड़ानों के शेड्यूल पर सबसे अधिक असर पड़ा है। आकासा एयर ने खाड़ी देशों के लिए अपनी उड़ानें 3 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी हैं।



