बेंगलुरु, 02 मार्च 2026
मध्य पूर्व में चल रहे सैन्य तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण हवाई सेवाओं पर असर पड़ने लगा है। इसी क्रम में बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित होने वाली 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार कुल 10 प्रस्थान करने वाली और 12 आगमन करने वाली उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
बताया गया है कि ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण कई हवाई अड्डों के बंद होने से यह निर्णय लिया गया। विशेष रूप से अबू धाबी, जेद्दा, दोहा, दुबई और बहरीन रूट की उड़ानें सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। इन मार्गों पर सेवा देने वाली एयर इंडिया, एमिरेट्स, इंडिगो और कतर एयरवेज जैसी प्रमुख विमानन कंपनियों ने अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
एयरलाइंस कंपनियां प्रभावित यात्रियों को टिकट पुनर्निर्धारण या पूर्ण धनवापसी का विकल्प दे रही हैं। यात्रियों को एसएमएस और ईमेल के माध्यम से लगातार सूचना भेजकर उड़ान स्थिति की जानकारी दी जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान की पुष्टि किए बिना हवाई अड्डे पर न पहुंचे।
प्रशासन ने सोशल मीडिया और हेल्प डेस्क के माध्यम से यात्रियों को नियमित अपडेट देने की व्यवस्था की है। अधिकारियों का कहना है कि मध्य पूर्व में हालात सामान्य होने तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में व्यवधान जारी रहने की संभावना है।



