ढाका, 05 मार्च।
यूएस-बांग्ला एयरलाइंस की एक विशेष उड़ान दुबई में फंसे बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के 27 फ्लाइट क्रू मेंबर्स को लेकर ढाका पहुंची। यह क्रू मेंबर्स 28 फरवरी से पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के बीच दुबई में फंसे हुए थे। इनके साथ 378 अन्य बांग्लादेशी नागरिकों को भी सुरक्षित ढाका लाया गया।
बांग्लादेश के अधिकारियों के अनुसार, युद्ध जैसे हालात शुरू होने के बाद से क्रू मेंबर्स पांच दिनों तक यूनाइटेड अरब अमीरात में फंसे रहे। इससे उनके परिवार चिंतित थे। यूएस-बांग्ला एयरलाइंस ने अपनी मानवीय कोशिशों के तहत उनकी सुरक्षित वापसी में मदद की।
एयरलाइन ने बताया कि दुबई एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति लेकर दो विशेष उड़ानें संचालित की गईं। इनमें से पहली उड़ान आज ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी। दूसरी उड़ान शुक्रवार सुबह ढाका पहुंचने की संभावना है।
पश्चिम एशिया में सैन्य तनाव के चलते गुरुवार को ढाका हवाई अड्डे पर 34 उड़ानें निरस्त कर दी गईं। पिछले छह दिनों में कुल 210 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। बांग्लादेश सिविल एविएशन अथॉरिटी के अधिकारी कवसर महमूद ने बताया कि ईरान, इराक, कुवैत, यूएई, बहरीन, कतर और जॉर्डन ने अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं।



