बेंगलुरु, 02 मार्च 2026
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा है कि यूएई और बहरीन में फंसे कन्नड़वासियों की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि विदेश में रह रहे कन्नड़वासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हवाई सेवाओं में बाधा और उड़ानों के रद्द होने के कारण करीब 100 कन्नड़ नागरिक संयुक्त अरब अमीरात, खासकर दुबई में फंसे हुए हैं। इसके अलावा बहरीन में भी करीब 9 कन्नड़ नागरिकों के फंसे होने की सूचना मिली है। राज्य सरकार इन सभी नागरिकों से संपर्क स्थापित कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में भरोसा दिलाया कि कर्नाटक सरकार प्रभावित नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वापसी और सहायता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। राज्य आपात संचालन केंद्र और जिला आपात संचालन केंद्र लगातार 24 घंटे सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इसके साथ ही राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों से भी समन्वय तेज कर दिया है। मुख्य सचिव की ओर से केंद्र सरकार को पत्र भेजकर कन्नड़ नागरिकों की सुरक्षा और शीघ्र स्वदेश वापसी के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। एयरलाइंस कंपनियों से टिकट पुनर्निर्धारण में लचीलापन बरतने और अतिरिक्त वापसी उड़ानों की व्यवस्था करने का आग्रह भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे कन्नड़ नागरिकों से अपील की है कि वे शांत रहें और स्थानीय प्रशासन तथा दूतावासों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्हें दूतावास में पंजीकरण कराने और हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है।



