28 फ़रवरी, जौनपुर।
होली पर्व के नजदीक आते ही जौनपुर के बाजारों में खरीदारी का उत्साह बढ़ गया है। रंग, गुलाल और पिचकारियों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। इस बार हर्बल गुलाल की मांग में विशेष वृद्धि हुई है, क्योंकि लोग त्वचा के अनुकूल और प्राकृतिक रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

शहर के ओलंदगंज, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, लाइन बाजार और कचहरी क्षेत्र के बाजार रंग-बिरंगी दुकानों से सज गए हैं। बच्चों के लिए आकर्षक पिचकारियां और पानी के टैंक भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार ग्राहक केमिकल युक्त रंगों की बजाय हर्बल और सुरक्षित उत्पाद खरीदने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं।
होली के पारंपरिक व्यंजनों की खरीदारी भी तेज हो गई है। आलू, साबूदाना, मूंग पापड़ के साथ-साथ चावल, मक्का और साबूदाना चिप्स की बिक्री बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों से लोग त्योहार की खरीदारी के लिए शहर के बाजारों में पहुंच रहे हैं। शाहगंज, खेतासराय, मछलीशहर, मड़ियाहूं, केराकत और जलालपुर जैसे क्षेत्रों में भी होली की तैयारियां जोरों पर हैं।

इस वर्ष होलिका दहन 2 मार्च को और रंगोत्सव 4 मार्च को मनाया जाएगा। त्योहार के नजदीक आते ही बाजारों में रौनक और खरीदारी का उत्साह चरम पर है।


