प्रयागराज, 27 फरवरी।
इस वर्ष होली पर्व में बच्चों को रंगों की उमंग और उत्साह बढ़ाने के लिए शहर की दुकानों पर ब्रह्मोस मिसाइल, एम-416, राफेल के अलावा बाबा भोलेनाथ के त्रिशूल, डमरू और तुमड़ी थीम वाली पिचकारियों की भरमार देखी जा रही है। सोहबतियाबाग मोहल्ले में हर साल होली के अवसर पर दुकान लगाने वाले दुकानदार मंगल ने बताया कि इस बार भक्ति और शक्ति की थीम वाली पिचकारियों की मांग काफी अधिक है।
मंगल ने बताया कि ब्रह्मोस मिसाइल और राफेल की थीम वाली पिचकारियों की कीमत 570 रुपये से शुरू होती है। भगवान परशुराम के फरसे वाली पिचकारी 200 रुपये की है, जबकि बाबा भोलेनाथ का त्रिशूल, डमरू और तुमड़ी वाली पिचकारी 150 रुपये में उपलब्ध है। छाता, हथौड़ा, आकर्षक डिजाइन और म्यूजिक वाली पिचकारियों की कीमत 500 रुपये है।
उन्होंने बताया कि इन आकर्षक और थीम-आधारित पिचकारियों को देखकर बच्चे विशेष रूप से आकर्षित हो रहे हैं। ब्रह्मोस और राफेल के बाद बच्चों की पसंद में त्रिशूल, डमरू, तुमड़ी, फरसा और हथौड़ा प्रमुख हैं। इसके साथ ही रंग-बिरंगी होली टोपी, रंग, गुलाल और अबीर की दुकानों पर भरमार है और ग्राहक दुकानों की ओर खिंचे चले आ रहे हैं।



