कन्नौज, 23 फरवरी 2026।
छिबरामऊ इलाके में एक बंद मकान से अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना छिबरामऊ नगर के गोविंद कॉम्प्लेक्स स्थित पीपल वाली गली के बस्तीराम मोहल्ले की है, जहां रहने वाले 50 वर्षीय संजीव कुमार पिछले करीब पांच साल से किराए के मकान में रह रहे थे और फेरी लगाकर ब्रेड व नमकीन की सप्लाई का काम करते थे।
पिछले कुछ दिनों से उनके मकान में ताला लगा था, जिसके बाद मकान मालिक राहुल गुप्ता को पड़ोसियों ने मकान से दुर्गंध आने की सूचना दी। सूचना पर मकान मालिक ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद कोतवाली प्रभारी विष्णुकांत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मकान का ताला तुड़वाकर अंदर जांच की तो संजीव का शव पड़ा मिला।
पड़ोसियों ने बताया कि संजीव फेरी लगाने के बाद मकान में आकर अंदर से ताला लगवा लेते थे। घटना की जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार संजीव अविवाहित थे और शराब पीने के आदी थे तथा पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संजीव के भाई प्रदीप गुप्ता द्वारा कोतवाली में तहरीर दी गई है।


