अमेठी, 21 फरवरी 2026
अमेठी में पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा अभियान जारी है, जिसके तहत एक आरोपी मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बीते शुक्रवार को इन्हौना थाना क्षेत्र के करन गांव के जंगल में गौकशी की घटना में शामिल आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी को गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। इसके बाद बीती रात इन्हौना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गंदा नाला से सेमरौता मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी जुनैद अहमद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर करते हुए उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल होकर गिर गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और पशु वध में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घायल आरोपी के बयान के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल खबर लिखे जाने तक आरोपी जुनैद अहमद और अन्य अपराधियों के आपराधिक इतिहास के बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।




