नोएडा, 28 फरवरी 2026।
थाना रबूपुरा पुलिस ने तड़के हुई मुठभेड़ में गौकशी करने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, रोनीजा कट पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो रिक्शा को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसमें सवार बदमाश भागने लगे।
पीछा करने पर पुलिस ने ऑटो को घेर लिया, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें सैयद अमीन और गोरामिया के पैर में गोली लग गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इनके पास से दो देसी तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं।
मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर ऑटो से भागने में कामयाब हो गए, लेकिन बाद में पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों में मुन्सर कमाल, मोहम्मद बिलाल और पुष्पेंद्र कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से गौकशी में इस्तेमाल होने वाला ऑटो रिक्शा और कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया, जिनमें चाकू, सीरींज, इंजेक्शन, आरी, लोहे का नुकीला सरिया, दो मोहरे, रस्सी का टुकड़ा और चार खाली प्लास्टिक के कट्टे शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ एनसीआर के कई थानों में गौवध के मुकदमे दर्ज हैं। ये आरोपी 26 फरवरी को थाना क्षेत्र में मिले गौवंश प्रकरण में भी शामिल बताए जा रहे हैं और तभी से वांछित चल रहे थे। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार साथियों की तलाश की जा रही है।



