28 फरवरी, पश्चिमी सिंहभूम।
जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बच्चे निर्मल हेम्ब्रम की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल एक आरोपी देवेन्द्र बोदरा को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया।
खूंटपानी गांव निवासी बालेमा हेम्ब्रम (49) ने अपने पुत्र के लापता होने पर मुफ्फसिल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना ने कांड संख्या 36/2026 के तहत एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टूटी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर जांच करते हुए आरोपी को चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के इचींडा टोला उलीडीह से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बच्चे के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। जब मासूम ने विरोध किया, तो उसने पत्थर से हमला किया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चुईगुटू पहाड़ क्षेत्र से बच्चे का शव और घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद किया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



