पूर्वी सिंहभूम, 11 फ़रवरी।
गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक राशन दुकान से 88 किलो डोडा चूरा बरामद किया है। मामले में हिंदू बस्ती, लाइन नंबर-2 निवासी बलराम महतो (56) को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी ने बुधवार को बताया कि 10 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर गोलमुरी स्थित बलराम महतो की राशन दुकान में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान दुकान के भीतर प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखे गए 256 पैकेट डोडा चूरा मिले, जिनका कुल वजन 88 किलो है।
छापेमारी के दौरान आरोपित दुकान में मौजूद था, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद डोडा चूरा और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा चूरा की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।



