कानपुर, 21 फरवरी 2026
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ला की गाड़ी पर बाइक सवार युवकों ने पथराव कर दिया, जिससे उनकी गाड़ी का पीछे का शीशा टूट गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश अभी जारी है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पूर्व सपा विधायक मुनीन्द्र शुक्ला शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैफिक जाम में फंसे बाइक सवार तीन युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। बहस के दौरान एक युवक ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को जाम से बाहर निकालकर थाने ले गई, जहां विधायक से लिखित शिकायत ली गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पहचान के आधार पर दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिठूर थाना क्षेत्र के निवासी अंबर दीक्षित और ऋषभ यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।



