महोबा, 26 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के महोबा में गुरुवार तड़के शादी समारोह में खाना बनाकर लौट रही चार महिलाओं को तेज रफ्तार लोडर पिकअप ने रौंद दिया। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने वाहन पकड़ लिया है और चालक की तलाश जारी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र की श्यामरानी (45) शादी समारोह में खाना बनाने का काम करती थीं। बुधवार रात वह तुलसा (65), गीता (35) और भगवती (50) के साथ महोबा-छतरपुर रोड पर मीना पैलेस में खाना देने गई थीं। गुरुवार तड़के चारों पैदल घर लौट रही थीं, तभी एआरटीओ ऑफिस के पास पिकअप ने उन्हें टक्कर मारी।
राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां श्यामरानी को मृत घोषित कर दिया गया। गीता और भगवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। चौथी महिला को झांसी के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अपर एसपी वंदना सिंह ने बताया कि वाहन और चालक को पकड़ लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



