बिलासपुर, 27 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत संबलपुरी के पास नेशनल हाईवे पर हुई। हादसे के बाद घायल व्यक्ति को तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार देर रात करीब दो बजे ट्रेलर (सीजी 11 बीडी 9044) सकरी-रतनपुर मार्ग से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर रॉन्ग साइड में चला गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो (सीजी 04 एमक्यू 4220) से ट्रेलर की जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रेलर ने पास खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में ले लिया और पलट गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। रायपुर-रतनपुर मार्ग प्रमुख यातायात मार्ग होने के कारण घटना के बाद कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। पुलिस और राहत दल ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। स्कॉर्पियो में सवार पांच लोग यादव ढाबा में आयोजित पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह से लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और देवेंद्र मिरी के रूप में हुई है। घायल प्रकाश रात्रे की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



