बिलासपुर, 27 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर संबलपुरी के पास उस समय हुआ जब रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने स्कॉर्पियो वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग पास के एक ढाबे पर भोजन करने गए थे और लौटते समय यह दुर्घटना हुई। सामने से गलत दिशा में आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को सीधी टक्कर मार दी, जिससे स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और देवेंद्र मिरी के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक चंद्रप्रकाश रात्रे को तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस भीषण दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।



