रामेछाप, 03 मार्च 2026
नेपाल में चुनावकर्मियों को ले जा रहा वाहन खाई में गिरा, दो की मौत, सात घायल
नेपाल में आम चुनाव की तैयारियों के बीच रामेछाप जिले में चुनावकर्मियों और चुनाव सामग्री को ले जा रहा एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक जूनियर पुलिस अधिकारी और एक मतदान कर्मचारी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार वाहन संख्या ‘ना 7 ख 6768’ सोमवार देर रात रामेछाप जिले के सिरुबारी क्षेत्र में सड़क से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
इस दुर्घटना में नेपाल पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक परशुराम यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं मतदान अधिकृत डोर प्रसाद घिमिरे ने मन्थली अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रमुख जिला अधिकारी श्याम कृष्ण थापा ने घटना की पुष्टि की है। वाहन रामेछाप के देउराली की ओर जा रहा था, जिसमें मतदान ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ चुनाव सामग्री भी रखी थी।
घिमिरे को रामेछाप नगरपालिका–2 के वार्ड कार्यालय भवन स्थित संघुटार मतदान केंद्र पर मतदान अधिकृत के रूप में नियुक्त किया गया था। वह रामेछाप नगरपालिका–3 के संघुटार स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक थे। हादसे में सात अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान भीम बहादुर मानन्धर, सम्बर बहादुर मानन्धर, कृष्ण प्रसाद घिमिरे, दुर्गा कार्की, सबीना खड्का, केदार कुमार रोका और पूजा देवी सुनुवार के रूप में हुई है।
सीडीओ थापा के अनुसार घायलों को आगे के इलाज के लिए हवाई मार्ग से काठमांडू भेजा गया है।


