भोपाल, 01 मार्च।
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्कूल बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में घायल हुए तीन लोगों को डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बच सकी। घायलों में एक छोटी बच्ची भी शामिल थी। आपात स्थिति में पुलिस जवानों ने सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि स्कूल बस और बाइक की भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार तीन लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही एफआरव्ही को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 टीम शीघ्र घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य संभाला। दुर्घटना में बाइक चालक, एक मासूम बच्ची और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल थे। पुलिस जवानों ने बिना देरी किए तीनों को एफआरव्ही वाहन से सुरक्षित शासकीय अस्पताल सुल्तानगंज पहुंचाया, जहां तुरंत उनका उपचार शुरू किया गया।
समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से संभावित गंभीर स्थिति टल गई। डायल-112 की यह त्वरित और समर्पित कार्रवाई पुलिस की तत्परता का उदाहरण है। ‘डायल 112 हीरोज’ श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्य प्रदेश पुलिस संकट की हर घड़ी में आमजन की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।



