भोपाल, 01 मार्च।
डिजिटल गवर्नेंस और तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मध्य प्रदेश पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर ‘आईटी इंप्लीमेंटेशन फॉर गवर्नेंस एंड पब्लिक सर्विस डिलीवरी’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान प्रौद्योगिकी सभा पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया, जहां सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग और नागरिक सेवाओं में सुधार के प्रयासों को सराहा गया।
मध्य प्रदेश पुलिस की ओर से राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जयदीप प्रसाद ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। समारोह में एक्सप्रेस कंप्यूटर के संपादक आरपी श्रीकांत ने सम्मान प्रदान किया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी को पुलिस व्यवस्था के विभिन्न कार्यों में शामिल कर सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ, जवाबदेह और समयबद्ध बनाया गया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन नागरिक पोर्टल, शिकायत पंजीकरण प्रणाली और विभिन्न सत्यापन सेवाओं के माध्यम से आमजन को त्वरित और सरल पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, डेटा एकीकरण और तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली से प्रशासनिक दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। डेटा आधारित विश्लेषण ने अपराध नियंत्रण और निर्णय प्रक्रिया को अधिक वैज्ञानिक बनाया है। इससे सेवा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है और नागरिकों का विश्वास मजबूत हुआ है।
टेक्नोलॉजी सभा अवॉर्ड्स देशभर में सार्वजनिक सेवा वितरण में सूचना प्रौद्योगिकी के श्रेष्ठ उपयोग को मान्यता देने वाला मंच है। यह सम्मान मध्य प्रदेश पुलिस की डिजिटल पहलों और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।



