भोपाल, 28 फरवरी।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। यह दिवस प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1928 में महान वैज्ञानिक डॉ. सी.वी. रमन ने ‘रमन प्रभाव’ की खोज की थी, जिसके सम्मान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने लिखा कि वर्ष 1928 में आज ही के दिन डॉ. सी.वी. रमन की ऐतिहासिक खोज ‘रमन प्रभाव’ से विश्व परिचित हुआ था। इस खोज ने विज्ञान जगत को नई दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि यह दिवस विज्ञान के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिभाओं को मानवता और विश्व कल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।



