औरैया, 18 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बुधवार सुबह सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। घटना फफूँद थाना क्षेत्र के भाग्यनगर और दयालनगर गांव के बीच की है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार हो गया।
मृतक की पहचान बिलराई गांव निवासी राजेंद्र कुमार (42) पुत्र मुंशीलाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब सात बजे खेत की ओर जा रहे थे, तभी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को एंबुलेंस से सीएचसी दिबियापुर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं।
फफूँद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।



