कोलकाता, 10 मार्च।
उत्तर 24 परगना जिले के गोबरडांगा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित बाजार में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग सबसे पहले प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास स्थित एक होटल में लगी, जो कुछ ही देर में आसपास की दुकानों तक फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल में रखे गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। बाजार क्षेत्र घनी आबादी वाला होने के कारण आग फैलने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोग भी आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे।
आग की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदारों में भगदड़ मच गई और कई लोगों ने अपनी दुकानों को सुरक्षित रखने के लिए जल्दबाजी में दुकानें बंद कर दीं। स्टेशन के पास आग लगने से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और काले धुएं के कारण प्लेटफॉर्म का एक हिस्सा धुएं से ढक गया।
दमकल विभाग के सूत्रों के अनुसार आग लगने के वास्तविक कारणों और हुए नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि धुएं के कारण कुछ समय के लिए यात्रियों को असुविधा जरूर हुई, लेकिन रेल यातायात सामान्य रूप से चलता रहा और ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।



