उरई, 25 फरवरी।
जनपद के कालपी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित बुंदेलखंड गार्डन के समीप संचालित एक कागज फैक्ट्री में बुधवार को शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर पूरी फैक्ट्री जलकर राख हो गई।
उप जिलाधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि इश्तियाक और प्रशांत की फैक्ट्री के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी अंदर रखे कागज पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि फैक्ट्री में रखा कच्चा माल और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मामले की जांच जरी है।



